पता नहीं क्या हो रहा…’, ठाकुर जी के सामने अचानक रोने लगीं बिहार की विधायक मैथिली ठाकुर

पटना (बिहार):- बिहार की लोकगायिका और भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर का जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। दर्शन के दौरान भजन गाते हुए वे भावुक हो गईं। बिहार की प्रसिद्ध लोकगायिका और भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर का एक भावुक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो राजस्थान के गोविंद देव जी मंदिर का बताया जा रहा है जहां दर्शन के दौरान वे अचानक भावुक होकर रोने लगीं।

रिपोर्ट्स के अनुसार मैथिली ठाकुर अपने भाइयों ऋषभ और अयाची के साथ जयपुर के प्रसिद्ध मंदिर में दर्शन करने पहुंची थीं। मंदिर में उस समय भजन और कीर्तन चल रहा था और पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ था। इसी दौरान वे भी भजन गाने लगीं लेकिन कुछ ही देर में उनकी आंखों से आंसू बहने लगे और वे भावुक हो गईं।

वीडियो में मैथिली ठाकुर कहते हुए सुनाई देती हैं कि उन्हें खुद समझ नहीं आ रहा कि अचानक ऐसा क्या हो रहा है। मंदिर में गूंजते भजन घंटियों की आवाज और श्रद्धालुओं की जयकार ने उन्हें इतना भावुक कर दिया कि वे खुद को संभाल नहीं सकीं। उन्होंने बाद में बताया कि ऐसा अनुभव उन्हें पहले कभी नहीं हुआ था।

मैथिली ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया पर भी इस अनुभव को साझा किया। उन्होंने लिखा कि जैसे ही वे मंदिर में पहुंचीं तो वहां का वातावरण मन को गहराई से छू गया। भक्तों के भजन और घंटियों की ध्वनि सुनकर उनके मन का सारा बोझ जैसे हल्का हो गया और आंखों से आंसू अपने आप बहने लगे।

गौरतलब है कि मैथिली ठाकुर बिहार के मधुबनी की रहने वाली हैं और बहुत कम उम्र में लोकसंगीत की दुनिया में पहचान बना चुकी हैं। बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और बिहार के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनीं।

जयपुर का गोविंद देव जी मंदिर भगवान राधा कृष्ण को समर्पित एक प्रसिद्ध मंदिर है और यहां हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भक्तिमय माहौल और भजन की परंपरा के कारण यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खास आध्यात्मिक अनुभव का स्थान माना जाता है।

मैथिली ठाकुर का यह भावुक वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे आस्था और भक्ति की सच्ची भावना से जोड़कर देख रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि जब मन में सच्ची श्रद्धा होती है तो कभी कभी भावनाएं अपने आप आंसुओं के रूप में बाहर आ जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *