नई दिल्ली :- कई रेस्तरां ने शिकायत की थी कि उन्हें कॉमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे दुकानें बंद करने की नौबत कर आ गई है। देश के कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर सामने आई समस्याओं के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति को संभालने के लिए नई रणनीति तैयार की है। खास तौर पर होटल और रेस्तरां संचालकों की शिकायत थी कि उन्हें समय पर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे थे जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा था। अब सरकार ने आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाने का फैसला किया है।
सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार ने गैस कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि घरेलू और कॉमर्शियल दोनों तरह के एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाए। इसके लिए वितरण प्रणाली की निगरानी बढ़ाई जा रही है ताकि किसी भी क्षेत्र में गैस की कृत्रिम कमी न होने पाए।
इस मुद्दे पर हाल ही में प्रधानमंत्री ने भी समीक्षा बैठक की थी। बैठक में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री सहित संबंधित मंत्रालयों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और एलपीजी की उपलब्धता बनाए रखने की रणनीति पर चर्चा की।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण ईंधन बाजार पर दबाव बना हुआ है। खासकर ईरान से जुड़े हालात के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार पहले से तैयारी कर रही है।
सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। तेल कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे होटल रेस्तरां और छोटे कारोबारियों को भी समय पर कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराएं ताकि उनका काम प्रभावित न हो।
साथ ही प्रशासन को यह भी कहा गया है कि जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखी जाए। यदि कोई व्यक्ति या व्यापारी गैस सिलेंडर की कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।