नई दिल्ली :- दिल्ली परिसर में स्थित वकील कैंटीन इन दिनों असामान्य स्थिति से गुजर रही है। रसोई में उपयोग होने वाले एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण यहां मुख्य भोजन तैयार करना अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। कैंटीन प्रबंधन ने बताया कि गैस की कमी के कारण फिलहाल केवल हल्के खाद्य पदार्थ और सीमित मेन्यू ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार यह समस्या अचानक पैदा नहीं हुई बल्कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बाद ऊर्जा आपूर्ति पर पड़े असर से स्थिति बनी है। ईरान और अमेरिका तथा इसराइल से जुड़े संघर्षों के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला पर दबाव बढ़ा है। इसका प्रभाव भारत में व्यावसायिक एलपीजी की उपलब्धता पर भी देखा जा रहा है।
देश के कई शहरों में होटल ढाबे और छोटे खाद्य प्रतिष्ठान पहले ही गैस की कमी से जूझ रहे हैं। कई स्थानों पर रेस्तरां ने अपने मेन्यू सीमित कर दिए हैं जबकि कुछ जगहों पर कारोबार बंद होने की नौबत भी आ रही है। व्यावसायिक एलपीजी पर निर्भर रसोई घरों के लिए यह स्थिति विशेष चुनौती बनती जा रही है क्योंकि लगातार पकने वाले भोजन के लिए गैस सबसे अहम ईंधन है।
दिल्ली हाई कोर्ट परिसर में रोजाना बड़ी संख्या में वकील कर्मचारी और आगंतुक आते हैं। ऐसे में कैंटीन का सीमित संचालन सभी के लिए असुविधा पैदा कर रहा है। प्रबंधन का कहना है कि जैसे ही गैस की आपूर्ति सामान्य होगी मुख्य भोजन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।
ऊर्जा बाजार के जानकारों का मानना है कि यदि पश्चिम एशिया में तनाव लंबा चला तो गैस और ईंधन की वैश्विक आपूर्ति पर असर जारी रह सकता है। फिलहाल सभी की नजर स्थिति सामान्य होने और रसोई की आग फिर से पूरी तरह जलने पर टिकी है।