शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश):- उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर जिले के पुवायां थाना क्षेत्र के नाहिल गांव में पाल समाज के एक बुजुर्ग के साथ हुई अमानवीय घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्हें सरेआम अपमानित करते हुए “मुर्गा” बनाना, पैरों में माथा रगड़वाना, गाली-गलौज करना और डंडे के बल पर धमकाना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने खुलेआम यह धमकी भी दी कि यदि किसी ने पीड़ित की मदद की तो उसके साथ भी ऐसा ही व्यवहार किया जाएगा। यह न सिर्फ मानवता के खिलाफ है बल्कि कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती देने जैसा है, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है।
सबसे गंभीर बात यह है कि 7 मार्च को हुई इस घटना के कई दिन बाद भी अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इतनी गंभीर घटना के बाद भी कार्रवाई में देरी होना पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
हम उत्तर प्रदेश सरकार से मांग करते हैं कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़ित बुजुर्ग और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
न्याय तभी संभव है जब पीड़ित को सुरक्षा और सम्मान मिले तथा अपराधियों को उनके कृत्य की सजा मिले। समाज में कानून पर भरोसा बनाए रखने के लिए इस मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई बेहद जरूरी है।