लखनऊ (उत्तर प्रदेश):- उत्तर प्रदेश में हाल ही में सामने आए भर्ती परीक्षा विवाद ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यगी ने इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
श्रीकांत त्यागी ने अपने पत्र में कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न ने ब्राह्मण समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। उनके अनुसार इस तरह का प्रश्न समाज के एक बड़े वर्ग का अपमान करने जैसा है। उन्होंने कहा कि देश में ब्राह्मण समाज की आबादी लगभग सत्रह दशमलव पचास प्रतिशत मानी जाती है और ऐसे सवाल के माध्यम से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई है।
अपने पत्र में उन्होंने यह भी मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही उन्होंने तत्काल भंग करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि जब तक इस मामले में जिम्मेदारी तय नहीं होगी तब तक जनता के बीच विश्वास कायम करना कठिन होगा।
श्रीकांत त्यागी ने यह भी मांग की कि इस विवाद की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं समाज में अनावश्यक तनाव पैदा करती हैं और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं।
राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मामले में जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो पार्टी पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी। पार्टी के नेताओं का कहना है कि सम्मान से जुड़े मुद्दों पर वे पीछे नहीं हटेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कई बार छोटे दिखने वाले मुद्दे समय के साथ बड़े सामाजिक और राजनीतिक सवाल बन जाते हैं। यही वजह है कि अब इस विवाद पर प्रदेश की राजनीति की नजर टिक गई है और आने वाले समय में यह मुद्दा और भी चर्चा में रह सकता है।