रैपर बादशाह को विश्नोई गैंग की धमकी से बढ़ी चिंता

नई दिल्ली :- भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर रैपर बादशाह को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ जिसमें कुख्यात लारेंस विश्नोई की ओर से उन्हें धमकी दिए जाने का दावा किया गया है। इस पोस्ट में कथित तौर पर लिखा गया है कि अगली बार गोली सीधे माथे में मारी जाएगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह धमकी उस फायरिंग घटना के बाद सामने आई जिसमें हरियाणा के पानीपत में एक कारोबारी के ऑफिस पर गोलियां चलाई गई थीं। घटना की जिम्मेदारी लेते हुए गैंग की ओर से जारी संदेश में कुछ लोगों के नाम का भी जिक्र किया गया और हवाला कारोबार से जुड़े आरोप लगाए गए। इसी संदेश में सिंगर बादशाह का नाम लेते हुए उन्हें भी चेतावनी दी गई।

पोस्ट में दावा किया गया कि बादशाह हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया है। हालांकि इस पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि अब तक पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियां इस वायरल संदेश की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह पोस्ट वास्तव में गैंग की ओर से जारी किया गया है या फिर किसी ने अफवाह फैलाने के लिए इसे वायरल किया है।

गौरतलब है कि हरियाणा और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से गैंगस्टर गतिविधियों को लेकर पुलिस पहले से ही सतर्क है। ऐसे में किसी भी तरह की धमकी या फायरिंग की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।

फिलहाल बादशाह की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन सोशल मीडिया पर इस खबर के सामने आने के बाद उनके फैंस के बीच चिंता जरूर बढ़ गई है। पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि इस धमकी के पीछे असल सच्चाई क्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *