जौनपुर में विधि छात्र की हत्या पुलिस लापरवाही के बाद तीन सस्पेंड

जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में विधि के छात्र की हत्या के मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है जिसके बाद सख्त कार्रवाई की गई है।जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय सच्चिदानंद मिश्रा की रविवार रात करीब 10 बजे पीट पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने उसे घर से बुलाकर करीब 600 मीटर दूर खेत में ले जाकर इस वारदात को अंजाम दिया।

इस घटना में चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि पीड़ित ने हत्या से पहले ही पुलिस को खतरे की जानकारी दी थी। 13 मार्च को वह थाने पहुंचा था और लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उसने फोन पर मिली धमकी का ऑडियो भी पुलिस को सुनाया था लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

बताया गया कि 14 मार्च को भी वह दोबारा थाने गया लेकिन तब भी पुलिस ने सिर्फ औपचारिक कार्रवाई कर मामले को टाल दिया। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर आरोपियों ने 15 मार्च की रात को हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया।

मामला सामने आने के बाद कुंवर अनुपम सिंह ने इसे गंभीरता से लिया और कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर चंदवक के प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। यह घटना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और समय पर कार्रवाई की अहमियत को उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *