टीआरई-4 भर्ती में देरी से भड़का आक्रोश सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी

BPSC TRE 4.0 :- शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। टीआरई-4 भर्ती के नोटिफिकेशन जारी न होने से नाराज उम्मीदवार बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की और जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई।

पटना में अभ्यर्थियों का एक बड़ा समूह बीपीएससी कार्यालय की ओर मार्च कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उन्हें जेपी गोलंबर के पास रोक दिया। इसके बाद नाराज अभ्यर्थी सड़क पर ही बैठ गए और धरना शुरू कर दिया, जिससे इलाके में लंबा जाम लग गया और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से इस भर्ती का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उनका आरोप है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जा रहा, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है।

 

इस बीच यह जानकारी सामने आई है कि शिक्षा विभाग द्वारा भेजी गई रिक्तियों में कुछ त्रुटियां पाई गई थीं, जिसके चलते प्रक्रिया में देरी हुई। अधिकारियों के अनुसार इन खामियों को दूर कर लिया गया है और जल्द ही नया विज्ञापन जारी किया जाएगा।

खास बात यह है कि इस बार भर्ती प्रक्रिया में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू किए जाने की भी चर्चा है, जिससे स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिल सकती है। हालांकि इसको लेकर भी अभ्यर्थियों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

फिलहाल अभ्यर्थियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक भर्ती प्रक्रिया को लेकर ठोस घोषणा नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *