नई दिल्ली :- पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को देखते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने एयरलाइंस के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है। इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि भारतीय एयरलाइंस 11 देशों के हवाई क्षेत्र से फिलहाल दूरी बनाए रखें।
DGCA के निर्देश के अनुसार एयरलाइंस को बहरीन ईरान इराक ओमान इज़रायल जॉर्डन कुवैत लेबनान क़तर सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के एयरस्पेस में किसी भी ऊंचाई या स्तर पर उड़ान संचालन से परहेज करने को कहा गया है।
यह एडवाइजरी 28 मार्च तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान एयरलाइंस को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा, जिससे यात्राओं का समय बढ़ सकता है और संचालन लागत में भी इजाफा हो सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। मौजूदा हालात में किसी भी प्रकार का जोखिम टालना बेहद जरूरी है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां सैन्य गतिविधियां और तनाव लगातार बढ़ रहा है।
इस फैसले का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर साफ दिख सकता है। कई फ्लाइट्स के रूट बदलने पड़ेंगे और कुछ सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित भी हो सकती हैं।
फिलहाल DGCA स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर एडवाइजरी की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फ्लाइट से पहले संबंधित एयरलाइंस से अपडेट जरूर ले लें।