भागलपुर में विक्रमशिला सेतु की हालत खराब, सुरक्षा दीवारें टूटीं

पटना (बिहार):- भागलपुर में गंगा नदी पर बना  विक्रमशिला सेतु जो पूर्वी बिहार और सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों की जीवनरेखा माना जाता है, अब गंभीर खतरे में नजर आ रहा है।

ताजा जानकारी के अनुसार, इस विशाल पुल के पिलरों की सुरक्षा के लिए बनाई गई प्रोटेक्शन वॉल यानी फॉल्स वॉल धीरे-धीरे टूटने लगी है। एक पिलर की सुरक्षा दीवार पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जबकि दो अन्य पिलरों के आसपास की दीवारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की हालत लगातार खराब होती जा रही है, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण खतरा बढ़ता जा रहा है। यह पुल रोजाना हजारों वाहनों के आवागमन का मुख्य रास्ता है, ऐसे में इसकी खराब स्थिति किसी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, पिलरों की सुरक्षा दीवार का टूटना बेहद गंभीर मामला है क्योंकि यह पुल की मजबूती को सीधे प्रभावित करता है। यदि समय रहते मरम्मत और सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में पुल की संरचना पर खतरा मंडरा सकता है।

प्रशासन से लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि पुल की मरम्मत कर उसे सुरक्षित बनाया जा सके। यह मामला केवल एक पुल की स्थिति का नहीं बल्कि लाखों लोगों की सुरक्षा और दैनिक जीवन से जुड़ा हुआ है।

अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक सुधार कार्य शुरू होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *