जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर जिले के जफराबाद क्षेत्र में लंबे समय से प्रतीक्षित पीपा पुल निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। विजयीपुर घाट पर बनने वाले इस पुल से सिरकोनी ब्लॉक के कई गांवों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा और आवागमन पहले से आसान हो जाएगा।
यह महत्वपूर्ण पहल जफराबाद के विधायक जगदीश नारायण के प्रयासों से संभव हो पाई है। उन्होंने 29 अक्टूबर 2025 को योगीआदित्यनाथ को पत्र लिखकर इस समस्या की गंभीरता से अवगत कराया था और पीपा पुल निर्माण की मांग उठाई थी।
अब शासन की ओर से इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के लिए करीब 50 लाख 87 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस स्वीकृति के बाद विजयीपुर घाट के साथ साथ राजेपुर त्रिमोहानी और रामेश्वर घाट के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों के लिए यह पुल किसी बड़ी राहत से कम नहीं होगा क्योंकि अभी तक उन्हें नदी पार करने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। पुल बनने के बाद समय और धन दोनों की बचत होगी और दैनिक जीवन आसान हो जाएगा।
विधायक ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आने वाले समय में इसके निर्माण कार्य के शुरू होने की उम्मीद है जिससे ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सकेगा।