नई दिल्ली: भारत एक बार फिर ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां ‘लॉकडाउन’ शब्द गलियारों में गूंजने लगा है। लेकिन इस बार वजह कोई वायरस नहीं बल्कि ऊर्जा का संकट है। मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) में जारी तनाव और समुद्री व्यापार मार्गों में आई रुकावटों ने देश की ऊर्जा सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसद में दिए गए भाषणों और 25 मार्च को हुई हाई-लेवल सर्वदलीय बैठक के बाद ‘एनर्जी लॉकडाउन’ की चर्चा ने तेजी पकड़ ली है। यदि यह लागू होता है, तो आम नागरिक की जिंदगी पर असर पड़ सकता है। तेल की राशनिंग, वर्क फ्रॉम होम और अन्य प्रतिबंधों के तहत रोजमर्रा की गतिविधियों में बदलाव देखने को मिल सकता है।
‘एनर्जी लॉकडाउन’ की चर्चा तब से सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में ट्रेंड करने लगी है, जब प्रधानमंत्री ने वैश्विक सप्लाई चेन में आने वाली दिक्कतों का जिक्र किया। केंद्र सरकार ने 25 मार्च को शाम 5 बजे एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें पश्चिम एशिया युद्ध के भारत पर पड़ने वाले आर्थिक और ऊर्जा प्रभावों पर मंथन किया गया। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि सरकार ईंधन की खपत को काबू में करने के लिए कड़े कदम उठा सकती है।
सरकार ने भरोसा दिया है कि पर्याप्त स्टॉक मौजूद हैं, लेकिन भविष्य की अनिश्चितता को देखते हुए मांग घटाने की रणनीति पर काम शुरू हो गया है।सरल भाषा में, ‘एनर्जी लॉकडाउन’ का मतलब है ऊर्जा संसाधनों की बचत के लिए कड़े कदम उठाना। जब ईंधन और बिजली की भारी कमी होती है, तो सरकारें आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियों पर पाबंदियां लगा सकती हैं। इसका उद्देश्य फिजूलखर्ची रोकना और देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुनिश्चित करना है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि स्थिति गंभीर हुई, तो नागरिकों को दैनिक जीवन में बदलावों के लिए तैयार रहना होगा। इसके तहत निजी और सार्वजनिक क्षेत्रों में ऊर्जा बचत, उद्योगों में उत्पादन कटौती और यात्रा पर नियंत्रण जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।