क्यूबा :-रूस का तेल टैंकर ‘अनातोली कोलोदकिन’ सात लाख तीस हजार बैरल तेल लेकर क्यूबा पहुंच गया है जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हुआ है जब अमेरिका की ओर से लगातार चेतावनियां दी जा रही थीं।
रिपोर्ट्स के अनुसार रूस ने इस यात्रा के बारे में अमेरिका को कोई पूर्व जानकारी नहीं दी। बताया जा रहा है कि यह टैंकर सीधे क्यूबा पहुंचा और इस दौरान इसकी सुरक्षा के लिए रूसी नौसेना की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे।
सूत्रों के मुताबिक टैंकर की सुरक्षा के लिए एक युद्धपोत और अटलांटिक महासागर में एक पनडुब्बी को तैनात किया गया था जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि रूस इस मिशन को लेकर पूरी तरह सतर्क था। माना जा रहा है कि यह कदम वैश्विक ऊर्जा राजनीति और सामरिक शक्ति प्रदर्शन दोनों से जुड़ा हो सकता है।
इस घटनाक्रम ने एक बार फिर रूस और अमेरिका के बीच तनाव को बढ़ा दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि क्यूबा तक तेल की आपूर्ति और उसके लिए सैन्य सुरक्षा देना एक बड़ा रणनीतिक संदेश है जो आने वाले समय में भू राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।
फिलहाल अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अमेरिका और अन्य देश इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।