वाशिंगटन (अमेरिका):- अमेरिका में पेट्रोल की कीमतों ने बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है जहां औसत कीमत 4 डॉलर प्रति गैलन के पार पहुंच गई है। यह स्तर साल 2022 के बाद पहली बार देखा गया है और इसका सीधा संबंध चल रहे ईरान युद्ध से जोड़ा जा रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार यह बढ़ोतरी अचानक नहीं बल्कि पिछले एक महीने में तेजी से हुई है। फरवरी के अंत में युद्ध शुरू होने के बाद से कीमतों में लगभग 30 से 35 प्रतिशत तक उछाल आया है।
इसकी सबसे बड़ी वजह है स्ट्रेट आफ होर्मूज में बाधा जहां से दुनिया के बड़े हिस्से का तेल गुजरता है। इस मार्ग के प्रभावित होने से सप्लाई पर दबाव पड़ा और कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गईं।
इसका असर सिर्फ पेट्रोल पंप तक सीमित नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती ईंधन कीमतें ट्रांसपोर्ट महंगा करेंगी जिससे खाने पीने के सामान और रोजमर्रा की चीजों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं।
अमेरिका में कई राज्यों खासकर कैलिफोर्निया में कीमतें 5 डॉलर से भी ऊपर पहुंच चुकी हैं जिससे आम लोगों की जेब पर भारी असर पड़ रहा है। कुल मिलाकर ईरान युद्ध अब केवल सैन्य टकराव नहीं रहा बल्कि यह वैश्विक अर्थव्यवस्था को झकझोरने वाला संकट बन चुका है जिसका असर दुनिया भर के लोगों की जेब पर साफ दिखने लगा है।