ब्रेकिंग: जौनपुर में जुलाई में होगा पूर्वांचल विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह, तैयारियां तेज

जौनपुर (उत्तर प्रदेश):-  इस बार जुलाई महीने में दीक्षांत समारोह आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है। राजभवन के निर्देश के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सेमेस्टर परीक्षाएं समय पर कराने और परिणाम समय से घोषित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर एक विस्तृत खाका तैयार करने के निर्देश जारी किए हैं। जानकारी के अनुसार, यह 29वां दीक्षांत समारोह जुलाई के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जा सकता है। इसके लिए जल्द ही विभिन्न समितियों का गठन भी किया जाएगा, ताकि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जा सकें।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर जिलों के कुल 604 महाविद्यालय जुड़े हुए हैं। इनमें जौनपुर में 231 कॉलेज शामिल हैं, जिनमें 3 राजकीय, 14 अनुदानित और 214 स्ववित्तपोषित महाविद्यालय हैं। वहीं, गाजीपुर में 373 महाविद्यालय संचालित हैं, जिनमें 4 राजकीय और 8 अनुदानित संस्थान शामिल हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह पहल शैक्षणिक सत्र को नियमित और व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हाल ही में राजभवन ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों से दीक्षांत समारोह की प्रस्तावित तिथियों की जानकारी मांगी थी, जिसके बाद यह प्रक्रिया तेज हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *