नई दिल्ली :- Tata Tiago को भारतीय बाजार में नए अवतार के साथ लॉन्च कर दिया गया है। कंपनी ने इस बार कार को ज्यादा प्रीमियम डिजाइन आधुनिक तकनीक और नए सुरक्षा फीचर्स के साथ पेश किया है। नई टियागो की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 4.69 लाख रुपये रखी गई है। नई टियागो फेसलिफ्ट में फ्रंट डिजाइन को पूरी तरह नया लुक दिया गया है। इसमें नए एलईडी हेडलैंप आकर्षक डीआरएल नया बंपर और स्टाइलिश अलॉय व्हील दिए गए हैं। पीछे की तरफ भी नई टेललाइट डिजाइन और अपडेटेड बंपर इसे ज्यादा आधुनिक बनाते हैं।
कार के इंटीरियर में भी बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। इसमें 10.25 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है जो वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले को सपोर्ट करता है। इसके अलावा डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर वायरलेस चार्जिंग ऑटो एसी रियर एसी वेंट्स क्रूज कंट्रोल और पुश बटन स्टार्ट जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिहाज से कंपनी ने इस बार खास ध्यान दिया है। नई टियागो में छह एयरबैग ईएससी हिल होल्ड कंट्रोल एबीएस के साथ ईबीडी टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं। इस कीमत में इतने सुरक्षा फीचर्स मिलने से यह कार अपने सेगमेंट में मजबूत दावेदार बन गई है।
इंजन की बात करें तो कार में पहले वाला 1.2 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन लगभग 86 पीएस की ताकत और 113 एनएम टॉर्क पैदा करता है। कंपनी ने इसे पांच स्पीड मैनुअल और एएमटी गियरबॉक्स विकल्प के साथ पेश किया है। साथ ही सीएनजी विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
टाटा मोटर्स ने नई टियागो को कई वैरिएंट्स में लॉन्च किया है जिनमें स्मार्ट प्योर प्योर प्लस क्रिएटिव और क्रिएटिव प्लस शामिल हैं। सीएनजी मॉडल की शुरुआती कीमत करीब 5.79 लाख रुपये रखी गई है। सोशल मीडिया और ऑटोमोबाइल समुदाय में नई टियागो को लेकर काफी चर्चा हो रही है। कई लोगों ने इसके प्रीमियम इंटीरियर और सुरक्षा फीचर्स की तारीफ की है जबकि कुछ यूजर्स ने कंपनी से इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद जताई थी।