कुवैत से हैदराबाद आ रही इंडिगो फ्लाइट को बम धमकी मिली मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग

तेलंगाना (हैदराबाद):- कुवैत से हैदराबाद आ रही इंडिगो की फ्लाइट को मंगलवार सुबह उस समय इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी जब हैदराबाद एयरपोर्ट को बम धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में दावा किया गया कि विमान में ह्यूमन बम मौजूद है। इस सूचना ने सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट पर ला दिया और विमान को हैदराबाद पहुंचने से पहले ही डायवर्ट कर मुंबई भेज दिया गया।

विमान सुबह करीब 8 बजकर 10 मिनट पर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा। लैंडिंग के तुरंत बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया जहां बम डिस्पोजल स्क्वॉड और सीआईएसएफ सहित कई सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विमान की विस्तृत जांच शुरू की। आपात स्थिति को देखते हुए रनवे पर अतिरिक्त सुरक्षा तैनाती भी की गई ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।

धमकी मिलने के बाद विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू मेंबरों में अफरा तफरी का माहौल बन गया था हालांकि पायलट और सुरक्षा टीमों की तत्परता के कारण सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। अब तक किसी भी विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है जिससे राहत की सांस ली जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार धमकी वाले ईमेल की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह धमकी असली थी या शरारत। ऐसे मामलों में एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रशासन को हर स्थिति को गंभीरता से लेना पड़ता है ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संबंधित एजेंसियां ईमेल भेजने वालों का पता लगाने में जुटी हैं। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि कहीं यह साइबर हमला तो नहीं या किसी संगठित समूह की हरकत तो नहीं। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *