शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं: रस्मों के दौरान दूल्हे की गोली लगने से मौत, परिवार में कोहराम

पटना (बिहार):- बिहार के खगड़िया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की रस्मों के दौरान दूल्हे की गर्दन में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। खुशी का माहौल पल भर में सन्नाटे में तब्दील हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारात में नाच–गाने का दौर चल रहा था और घर में रीति-रिवाज पूरे किए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक तेज धमाका हुआ और दूल्हा खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

फायरिंग कैसे हुई, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि गोली लापरवाही भरी हर्ष फायरिंग के दौरान चली होगी, लेकिन पुलिस अन्य एंगल को भी खंगाल रही है।

पुलिस ने मौके से कारतूस के कुछ खोखे बरामद किए हैं और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। कई वीडियो भी सामने आए हैं जिनकी मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली किसकी बंदूक से चली।

परिवार में मातम, गांव में दहशत का माहौल

जिस घर में आज शादी की शहनाई बजनी थी, वहाँ अब चीख–पुकार और मातम पसरा हुआ है। परिवार वाले दूल्हे की मौत पर बदहवास हैं और ग्रामीणों में भी घटना को लेकर दहशत का माहौल है।

गांव के लोग ऐसी घटनाओं पर सख्ती की मांग कर रहे हैं ताकि समारोहों में हर्ष फायरिंग जैसी खतरनाक परंपरा पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *