Putin meet नई दिल्ली:- भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात में कहा कि भारत रूस-यूक्रेन संघर्ष में शांति का समर्थन करता है। मोदी ने पुतिन को बताया कि भारत हमेशा शांति के पक्ष में रहा है और वह संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत और कूटनीति का समर्थन करता है। पुतिन के साथ अपनी वार्ता में मोदी ने कहा, “भारत तटस्थ नहीं भारत शांति के पक्ष में है। हम शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करते हैं और शांति के लिए उठाए गए हर कदम के साथ खड़े हैं”। पुतिन ने मोदी के शांति प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि रूस भी संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए काम कर रहा है।
दोनों नेताओं के बीच यह वार्ता ऐसे समय में हुई है जब भारत और रूस के बीच संबंधों में मजबूती आई है। दोनों देशों ने व्यापार, रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है। पुतिन की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है जिसमें भारतीय श्रमिकों की रूस में आवाजाही को सुविधाजनक बनाने और रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौता शामिल है। पुतिन की भारत यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करना है खासकर व्यापार और रक्षा के क्षेत्रों में। भारत और रूस के बीच व्यापार 2024-25 में 68.7 अरब डॉलर तक पहुंच गया है और दोनों देशों का लक्ष्य 2030 तक इसे 100 अरब डॉलर तक बढ़ाने का है।