Trump says वॉशिंगटन: यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिकी प्रशासन द्वारा तैयार किए गए शांति प्रस्ताव को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने अभी तक स्वीकार नहीं किया है जिस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने निराशा जताई है। ट्रंप ने रविवार को कहा, “मैं थोड़ा निराश हूं कि राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने अभी तक इस प्रस्ताव को पढ़ा नहीं है। उनके लोग इसे पसंद करते हैं लेकिन वह तैयार नहीं हैं।
ट्रंप ने कहा कि रूस इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए तैयार है लेकिन ज़ेलेंस्की की ओर से अभी तक कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। उन्होंने कहा, “रूस इसके लिए तैयार है लेकिन मुझे नहीं लगता कि ज़ेलेंस्की इसके लिए तैयार हैं”। ज़ेलेंस्की ने शनिवार को अमेरिकी अधिकारियों के साथ हुई बातचीत को “सार्थक” बताया लेकिन कहा कि यह आसान नहीं था। उन्होंने कहा, “अमेरिकी प्रतिनिधि यूक्रेन की मूलभूत स्थितियों को जानते हैं। बातचीत सार्थक थी लेकिन आसान नहीं थी” ।
इस बीच रूस ने अमेरिकी शांति प्रस्ताव का स्वागत किया है और कहा है कि यह उनके दृष्टिकोण के अनुरूप है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हालांकि कहा है कि प्रस्ताव के कुछ पहलू अव्यावहारिक हैं । ट्रंप ने कहा कि वह इस युद्ध को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और जल्द ही एक शांति समझौता होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा “मैंने आठ युद्धों को समाप्त किया है, और मैं इस युद्ध को भी समाप्त करूंगा”।