Indigo flight नई दिल्ली:- केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू ने कहा है कि सरकार इंडिगो की विंटर फ्लाइट्स में कटौती करेगी और इन स्लॉट्स को अन्य एयरलाइन्स को आवंटित करेगी। यह निर्णय इंडिगो द्वारा हाल ही में बड़े पैमाने पर परिचालन संबंधी व्यवधानों के कारण लिया गया है। नायडू ने बताया कि इंडिगो वर्तमान में 2,200 फ्लाइट्स संचालित कर रही है जिनमें से कुछ को कम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने 1 दिसंबर से 8 दिसंबर तक रद्द किए गए 7,30,655 पीएनआर के लिए 745 करोड़ रुपये के रिफंड जारी किए हैं। इसके अलावा, 9,000 में से 6,000 यात्रियों के सामान को पहले ही वितरित किया जा चुका है और बाकी को मंगलवार तक वितरित करने की योजना है।
इडीगो के प्रवक्ता ने कहा कि वे अपनी सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए काम कर रहे हैं और यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि वे 10-15 दिसंबर तक अपनी सेवाओं को पूरी तरह से बहाल करने की उम्मीद कर रहे हैं। इस बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इंडिगो को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और उनसे जवाब मांगा है। डीजीसीए ने कहा है कि वे इंडिगो के जवाब की जांच करेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे।