नई दिल्ली :- पटना–नई दिल्ली रूट पर यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से प्रतीक्षित पटना–दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आखिरकार इसी महीने ट्रैक पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन के अंतिम ट्रायल सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं और अब इसे नियमित सेवा के रूप में शुरू करने की तैयारी चल रही है।
यह ट्रेन यात्रियों को हाई–स्पीड यात्रा के साथ उन सुविधाओं का अनुभव भी कराएगी जिसकी उम्मीद वे प्रीमियम ट्रेन से करते हैं। वंदे भारत स्लीपर का यह पहला मॉडल लंबी दूरी के लिए डिजाइन किया गया है, जिसमें आधुनिक स्लीपर कोच, आकर्षक इंटीरियर, अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणालियाँ और बेहतर शॉक–एब्जॉर्प्शन टेक्नोलॉजी शामिल है। ट्रेन में एसी फर्स्ट क्लास, एसी 2–टियर और एसी 3–टियर के नए डिजाइन वाले कोच लगाए गए हैं, जो यात्रियों को आरामदायक और शांत यात्रा प्रदान करेंगे।
रेलवे सूत्रों के अनुसार यह ट्रेन पटना से दिल्ली तक की दूरी पारंपरिक मेल–एक्सप्रेस की तुलना में काफी कम समय में पूरी करेगी। इसके अलावा ऑन–बोर्ड कैंटीन सिस्टम, बायो–वैक्यूम टॉयलेट्स, सेंसर–आधारित लाइटिंग और उन्नत फायर सेफ्टी सिस्टम भी इसकी खासियतें होंगी।
इस नई सेवा के शुरू होते ही पटना–दिल्ली रूट पर यात्रियों की भीड़ को राहत मिलेगी और तेज़, सुरक्षित तथा आरामदायक यात्रा का नया विकल्प उपलब्ध होगा। यात्रियों और रेलवे प्रेमियों में इस ट्रेन को लेकर भारी उत्साह है, क्योंकि यह बिहार को मिलने वाली सबसे आधुनिक रेल सेवाओं में से एक होगी।
उम्मीद है कि रेलवे जल्द ही आधिकारिक समय–सारणी और किराए का भी एलान करेगी। पटना से दिल्ली की यात्रा अब पहले से ज्यादा तेज़, सुकूनभरी और आधुनिक होने जा रही है।