जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- शनिवार सुबह चंदवक व केराकत तहसील क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ले ली। पूरे इलाके में घना कोहरा छा जाने से दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण आज़मगढ़–वाराणसी मार्ग और मोढला थाना–गद्दी मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। हालात ऐसे रहे कि वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी गति से सफर करना पड़ा। सड़कों पर चलने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतते हुए देखा गया।
कोहरे का असर स्कूली छात्रों पर भी पड़ा। स्कूल बसें और अन्य वाहन धीमी गति से चले, जिससे कई बच्चों को स्कूल पहुंचने में देर हुई। ठंड बढ़ने के कारण लोगों ने स्वेटर, जैकेट, ग्लव्स और ऊनी टोपी का सहारा लिया।
विशेषज्ञों के अनुसार कोहरे के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को नियंत्रित गति से वाहन चलाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
मौसम का असर खेती-किसानी पर भी देखने को मिल सकता है। जहां कोहरा गेहूं की फसल के लिए लाभकारी माना जा रहा है, वहीं आलू की फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका से किसान चिंतित नजर आ रहे हैं।