घने कोहरे और जहरीली हवा ने दिल्ली एनसीआर को किया बेहाल

नई दिल्ली :- दिल्ली एनसीआर में मौसम ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। लगातार पांचवें दिन राजधानी और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। सुबह के समय घना कोहरा छा जाने से विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई जिससे सड़कों से लेकर आसमान तक असर साफ दिखाई दिया। हालात इतने खराब रहे कि वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी रफ्तार से चलना पड़ा।

 

कोहरे और प्रदूषण के इस खतरनाक मेल ने हवाई यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित किया। कम विजिबिलिटी के चलते कई फ्लाइट्स को कैंसिल करना पड़ा जबकि कई उड़ानों में देरी हुई। एयरपोर्ट पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा जिससे अव्यवस्था का माहौल बन गया। रेलवे और बस सेवाओं पर भी इसका असर देखने को मिला और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

सड़कों की बात करें तो हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे गाजियाबाद नोएडा और गुरुग्राम की ओर जाने वाले रास्तों पर लंबा जाम लग गया। ऑफिस जाने वाले लोग देर से पहुंचे और कई जगहों पर छोटे मोटे हादसों की भी खबरें सामने आईं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और गैर जरूरी यात्रा से बचने की अपील की।

 

वायु गुणवत्ता की स्थिति और ज्यादा चिंताजनक बनी हुई है। आनंद विहार इलाके में एक्यूआई 416 दर्ज किया गया जो बेहद गंभीर श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों के अनुसार इस स्तर की जहरीली हवा से सांस की बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। बच्चों बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

 

डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे हालात में बाहर निकलने से बचना चाहिए और मास्क का इस्तेमाल जरूरी है। प्रशासन की ओर से ग्रैप के कड़े नियम लागू किए गए हैं लेकिन इसके बावजूद हालात में खास सुधार नहीं दिख रहा। लोगों को उम्मीद है कि मौसम में बदलाव और ठंडी हवाओं के चलने से आने वाले दिनों में कुछ राहत मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *