Medicine Summit नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को यहां आयोजित द्वितीय विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) पारंपरिक चिकित्सा शिखर सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित करते हुए वैश्विक सहयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में भारत की पहल को वैश्विक स्तर पर सराहा जा रहा है और यह शिखर सम्मेलन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पीएम मोदी ने कहा, “यह भारत के लिए गर्व की बात है कि डब्ल्यूएचओ का पारंपरिक चिकित्सा केंद्र जामनगर में स्थापित किया गया है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा”। उन्होंने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा के बीच समन्वय स्थापित करने से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो सकता है शिखर सम्मेलन के दौरान, पीएम मोदी ने कई महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की जिनमें माई आयुष इंटीग्रेटेड सर्विसेज पोर्टल (एमएआईएसपी) और आयुष मार्क शामिल हैं। एमएआईएसपी एक डिजिटल पोर्टल है जो आयुष सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा, जबकि आयुष मार्क आयुष उत्पादों और सेवाओं की गुणवत्ता का वैश्विक मानक होगा ।
पीएम मोदी ने कहा, “पारंपरिक चिकित्सा को वैश्विक स्तर पर मान्यता दिलाने के लिए हमें शोध, डिजिटल तकनीक और नियामक ढांचे को मजबूत करने की आवश्यकता है”। उन्होंने योग और आयुष के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि ये पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियां स्वास्थ्य और संतुलन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस ने भी शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए पारंपरिक चिकित्सा के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि यह वैश्विक स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण योगदान कर सकती है।