Global Collaboration नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित द्वितीय विश्व स्वास्थ्य संगठन ग्लोबल समिट ऑन ट्रेडिशनल मेडिसिन के समापन समारोह में वैश्विक सहयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत के लिए यह गर्व की बात है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन जामनगर में स्थापित किया गया है । मोदी ने कहा कि इस शिखर सम्मेलन ने स्वास्थ्य मंत्रियों और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के बीच संवाद को सुगम बनाया है जिससे संयुक्त अनुसंधान, नियमों को सरल बनाने और प्रशिक्षण और ज्ञान साझा करने को बढ़ावा देने के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह शिखर सम्मेलन पारंपरिक चिकित्सा और आधुनिक तकनीक के बीच एक नए सहयोग का प्रतिबिंब है।
प्रधानमंत्री ने ट्रेडिशनल मेडिसिन ग्लोबल लिब्रेरी का उद्घाटन किया, जो पारंपरिक चिकित्सा से संबंधित वैज्ञानिक डेटा, अनुसंधान और नीति दस्तावेजों को एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि यह लिब्रेरी भारत की G20 अध्यक्षता के दौरान किए गए एक वचन को पूरा करती है और सभी देशों के लिए सच्ची जानकारी तक समान पहुंच सुनिश्चित करेगी । मोदी ने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा को वैश्विक स्वास्थ्य में एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाने के लिए विज्ञान और अनुसंधान के माध्यम से विश्वास जीतना होगा। उन्होंने कहा कि भारत इस दिशा में लगातार काम कर रहा है और अश्वगंधा जैसे पारंपरिक जड़ी-बूटियों को वैश्विक स्वास्थ्य में शामिल करने के लिए प्रयासरत है।