निषाद पार्टी का संकल्प: 13 जनवरी को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

लखनऊ:- निषाद पार्टी के सुप्रीमो और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने आज अपने सरकारी आवास पर आयोजित दो दिवसीय शिक्षण-प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 13 जनवरी का कार्यक्रम निषाद समाज के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान के संघर्ष का प्रतीक है जिसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाना है। डॉ. निषाद ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और सक्रिय जनसंपर्क पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह शिक्षण-प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त करने और कार्यक्रम की रणनीति को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में निषाद पार्टी पूरी मजबूती, आत्मविश्वास और संगठित रणनीति के साथ चुनाव लड़ेगी।

डॉ. निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी का एकमात्र लक्ष्य है – सत्ता में मजबूती से भागीदार बनकर संवैधानिक आरक्षण के अधिकार की लड़ाई को निर्णायक रूप से लड़ना और हासिल करना। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अब बिना थके और बिना रुके अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना होगा। शिविर में प्रदेश के सभी जनपदों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही जिससे संगठन की व्यापकता और मजबूती का स्पष्ट संदेश गया। डॉ. निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी ने न केवल उत्तर प्रदेश में बल्कि देश और विदेश में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है जो समर्पित कार्यकर्ताओं के संघर्ष और प्रतिबद्धता का परिणाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *