Honor Crime जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर के सेनापुर गांव में एक दंपती पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि दंपती ने आपसी सहमति से कोर्ट मैरिज की थी जिसके बाद युवक के परिजन नाराज हो गए और उन्हें गांव बुलाकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे । पीड़िता प्रतीक्षा पत्नी अजय जयसवार ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उसके जेठ रवि कुमार, योगेश, आशीष, रामदास और ज्ञानचंद आए दिन उसके और उसके पति के साथ मारपीट करते हैं और जान से मारने की धमकी देते रहते हैं।
पीड़िता का आरोप है कि संपत्ति में हिस्सा न देने को लेकर पंचायत भी कराई गई थी, जिसमें पंचायत के निर्णय के तहत दंपती को रहने के लिए एक कमरा दिया गया था, लेकिन बाद में उस कमरे पर ताला लगाकर उन्हें वहां रहने नहीं दिया गया पीड़िता ने बताया कि बीते दिनों आरोपियों ने उसके पति के साथ मारपीट कर उसका सिर फोड़ दिया लेकिन पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत होकर पीड़ित दंपती फिलहाल अपने रिश्तेदार के यहां रहने को मजबूर है।