Indian Exports नई दिल्ली:- भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता (ECTA) के तीन साल पूरे होने पर भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने घोषणा की है कि ऑस्ट्रेलिया 1 जनवरी 2026 से भारतीय निर्यात पर 100% शुल्क हटा देगा। इस कदम से भारतीय उत्पादों को ऑस्ट्रेलियन बाजार में शुल्क मुक्त पहुंच मिलेगी जिससे देश के श्रम-प्रधान क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा ।
इस समझौते के तहत भारत के निर्यात में पिछले तीन वर्षों में 8% की वृद्धि हुई है जिससे व्यापार संतुलन में सुधार हुआ है। मजबूत वृद्धि दर्ज करने वाले क्षेत्रों में रत्न और आभूषण, विनिर्माण, रसायन, कपड़ा, प्लास्टिक, दवाएं और पेट्रोलियम उत्पाद शामिल हैं। कृषि निर्यात में भी व्यापक वृद्धि देखी गई है जिसमें फल और सब्जियां, समुद्री उत्पाद, मसाले और कॉफी शामिल हैं। गोयल ने कहा कि यह समझौता भारतीय निर्यातकों, एमएसएमई, किसानों और श्रमिकों को लाभ पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के साथ व्यापार समझौता भारत की आर्थिक रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो “मेक इन इंडिया” और “विकसित भारत 2047” के दृष्टिकोण के अनुरूप है।