गंगा एक्सप्रेसवे पर रईसजादों का हाईवोल्टेज ड्रामा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मेरठ (उत्तर प्रदेश):- उत्तर प्रदेश के मेरठ में देश के सबसे आधुनिक और हाईटेक माने जा रहे गंगा एक्सप्रेसवे पर रईसजादों की खतरनाक करतूत सामने आई है। करीब एक दर्जन लग्जरी गाड़ियों के साथ पहुंचे युवकों ने एक्सप्रेसवे को मानो रेसिंग और रील्स शूटिंग का अड्डा बना दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

जानकारी के अनुसार युवकों ने एक्सप्रेसवे में प्रवेश करने के लिए सड़क किनारे लगाए गए पौधों को गाड़ियों से कुचल दिया। इसके बाद टोल प्लाजा के सामने बीच सड़क पर गाड़ियों को गोल घेरा बनाकर खड़ा किया गया और तेज आवाज में संगीत बजाकर स्टंट और डांस शुरू कर दिया गया।

 

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक चलती कार की छत पर बैठकर रील बना रहा है जबकि बाकी लग्जरी कारें उसके चारों ओर घूम रही हैं। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं।

 

बताया जा रहा है कि यह पूरा हंगामा करीब आधे घंटे तक चलता रहा लेकिन किसी सुरक्षा एजेंसी या पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई नहीं की। सबसे हैरानी की बात यह रही कि उपद्रवी टोल टैक्स दिए बिना बैरियर तोड़कर फरार हो गए।

 

गंगा एक्सप्रेसवे को देश के सबसे सुरक्षित और अत्याधुनिक एक्सप्रेसवे में गिना जाता है। यहां निगरानी के लिए आधुनिक कैमरे और सुरक्षा प्रणाली लगाए गए हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि आम लोग मामूली नियम तोड़ें तो तुरंत कार्रवाई होती है लेकिन प्रभावशाली और महंगी गाड़ियों में घूमने वाले युवकों के खिलाफ अक्सर देर से कार्रवाई होती है।

 

विशेषज्ञों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर इस तरह के स्टंट न केवल कानून का उल्लंघन हैं बल्कि बड़े हादसों को भी जन्म दे सकते हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकती है।अब पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर गाड़ियों की पहचान करने और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि संबंधित लोगों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और खतरनाक ड्राइविंग जैसी धाराओं में कार्रवाई हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *