रामनगर-देहरादून के बीच पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी

 

देहरादून (उत्तराखंड):- उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस की पहली सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही पहली बार रामनगर और देहरादून के बीच सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू हो गई है। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

नई ट्रेन सेवा से उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क पहले से अधिक मजबूत होगा। लंबे समय से इस सीधी रेल सेवा की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। ट्रेन संख्या 15310 रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 15309 देहरादून से दोपहर 3:55 बजे चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।

यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पिपल्साना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। ट्रेन में एसी सेकंड, एसी थर्ड, एसी चेयर कार, स्लीपर, सेकंड सिटिंग और जनरल कोच उपलब्ध होंगे, जिससे सभी वर्गों के यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह ट्रेन उत्तराखंड के लोगों को तेज, सुरक्षित और बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि हरिद्वार पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। साथ ही राज्य के 11 प्रमुख रेलवे स्टेशनों का आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास भी तेजी से किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का निर्माण तेजी से चल रहा है, जो भविष्य में उत्तराखंड के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और पर्यटन विकास की रीढ़ साबित होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उत्तराखंड को रेलवे के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट मिला है और राज्य में 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम जारी है।

नई रेल सेवा से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद और बिजनौर के लाखों यात्रियों को लाभ मिलेगा। साथ ही जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, गिरिजा देवी मंदिर और चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भी बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *