Asian Games 2026:- एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मेजबान जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए जापान की पूरी टीम को महज 57 रन पर ऑलआउट कर दिया। जापान की पारी 19.5 ओवर में समाप्त हुई।
Asian Games 2026:- भारत की ओर से श्रीचरणी ने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने चार ओवरों में सिर्फ 10 रन देकर चार विकेट हासिल किए और दो मेडन ओवर भी डाले। उनके अलावा शेफाली वर्मा ने दो विकेट लिए, जबकि श्रेयंका पाटिल और दीप्ति शर्मा को एक-एक सफलता मिली। दो जापानी बल्लेबाज रन आउट हुईं।
जापान की ओर से अयाका काटो-स्टाफोर्ड ने 25 रन बनाकर टीम की पारी में सबसे बड़ा योगदान दिया। उनके अलावा हारुना इवासाकी ने 10 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों के दबाव के सामने जापान की बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने में सफल नहीं हो सकीं और पूरी टीम 57 रन पर सिमट गई।
58 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को हालांकि शुरुआती झटके लगे। गुनालान कमलिनी बिना खाता खोले आउट हुईं, जबकि भारती फूलमाली छह रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद शेफाली वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और दो छक्के शामिल रहे।
Asian Games 2026:- ऋचा घोष ने भी तेजी से रन बनाए और दो छक्कों की मदद से नाबाद 12 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई। भारतीय टीम ने सिर्फ 5 ओवर में 59 रन बनाकर मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा।