Iran Women Protest (तेहरान):- ईरान में एक बार फिर महिलाओं ने अपने हक और आजादी के लिए बड़ी आवाज बुलंद की है। उत्तरी ईरान में आयोजित एक 10 किलोमीटर मैराथन रेस में सैकड़ों महिलाओं ने बिना हिजाब और बिना स्कार्फ के हिस्सा लेकर हिजाब कानून को खुली चुनौती दे दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और दुनियाभर में इनकी हिम्मत की चर्चा हो रही है।
Iran Women Protest: खुले आसमान के नीचे दौड़ीं आजादी की ओर
बताया जा रहा है कि यह रेस ईरान के रश्त शहर में आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिलाएं पूरे आत्मविश्वास और जोश के साथ आम स्पोर्ट्स कपड़ों में दौड़ रही हैं, बिना सिर ढके। चेहरे पर मुस्कान और आंखों में आजादी का जुनून साफ दिख रहा है। आसपास मौजूद लोग तालियां बजाकर और वीडियोज बनाकर उनका हौसला बढ़ा रहे हैं।
Iran Women Protest: क्या है ईरान का सख्त हिजाब कानून?
गौरतलब है कि ईरान में 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद से महिलाओं के लिए सार्वजनिक जगहों पर हिजाब पहनना अनिवार्य है। कानून का उल्लंघन करने पर जेल, जुर्माना और कोड़े तक की सजा का प्रावधान है। साल 2022 में महसा अमीनी की मौत के बाद से ईरान में हिजाब के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और तेज हो गए हैं। महसा को हिजाब ठीक से न पहनने पर पुलिस ने हिरासत में लिया था, जहां उसकी मौत हो गई थी।
Iran Women Protest: सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा – यही है असली वुमन पावर
इस ताजा घटना को भी उसी विरोध की एक कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। यह सिर्फ एक रेस नहीं, बल्कि सदियों से चली आ रही बंदिशों के खिलाफ एक मजबूत कदम है। सोशल मीडिया पर लोग इन महिलाओं की हिम्मत की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा – “यह दौड़ नहीं, आजादी की उड़ान है”, तो किसी ने लिखा – “यही है असली नारी शक्ति”।
Iran Women Protest: प्रशासन ले सकता है एक्शन
वहीं ईरानी प्रशासन की तरफ से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस रेस के आयोजकों और इसमें शामिल महिलाओं की पहचान की जा रही है और उनसे पूछताछ की जा सकती है। बावजूद इसके महिलाओं का यह साहस दुनियाभर की महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।