MRPL Refinery Blast (मंगलुरु): कर्नाटक के मंगलुरु में बुधवार को Mangalore Refinery and Petrochemicals Limited (MRPL) की रिफाइनरी में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई। घटना में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे के बाद रिफाइनरी की फायर और इमरजेंसी टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
Coker Hydrotreater यूनिट में हुआ धमाका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार धमाका रिफाइनरी की Coker Hydrotreater यूनिट में दोपहर करीब 12:15 से 12:30 बजे के बीच हुआ। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, MRPL ने बताया कि यूनिट में हाई-प्रेशर कोल्ड सेपरेटर के फटने के बाद विस्फोट हुआ। हालांकि पुलिस ने कहा है कि घटना के सटीक कारण की जांच अभी जारी है।
धमाके के बाद यूनिट में आग लग गई और आसपास के इलाके में धुआं फैल गया। MRPL की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम और दमकल कर्मियों ने प्रभावित हिस्से को नियंत्रित किया।
MRPL Refinery Blast: एक कर्मचारी की मौत, नौ घायल
हादसे में 30 वर्षीय संविदा कर्मचारी मनीष कर्करा की मौत हो गई। रिपोर्टों के अनुसार वह विस्फोट के बाद लापता था और बाद में उसका शव बरामद किया गया। एक अन्य कर्मचारी राजेश को गंभीर रूप से झुलसने के बाद अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया। आठ अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं और उन्हें उपचार दिया गया।
घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति की निगरानी की।
कई इलाकों में महसूस हुआ धमाके का असर
धमाका इतना तेज था कि रिफाइनरी के आसपास के कई इलाकों में इसकी आवाज और कंपन महसूस की गई। जोकाट्टे, कावूर और येय्याडी सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने तेज आवाज सुनने की बात कही। कुछ स्थानों पर घरों के दरवाजे और खिड़कियां हिलने तथा शीशे टूटने की भी जानकारी सामने आई है।
मंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास भी धमाके की आवाज महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई, हालांकि एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे को नुकसान की सूचना नहीं है।
Unnao News: उन्नाव में मिट्टी के टीले के नीचे दबा अधेड़, तसले में मिट्टी भरते समय हुआ हादसा
MRPL Refinery Blast: आग पर काबू, जांच जारी
घटना के बाद MRPL की आपातकालीन टीम के साथ शहर की दमकल इकाइयों ने मोर्चा संभाला। आग को नियंत्रित कर लिया गया है। पुलिस और जिला प्रशासन घटना के कारणों तथा नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। धमाके की परिस्थितियों और रिफाइनरी की प्रभावित यूनिट में तकनीकी खराबी से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।