NCERT Retrives नई दिल्ली:- एनसीईआरटी ने कक्षा 8 सामाजिक विज्ञान की पुस्तक ‘एक्सप्लोरिंग सोसाइटी: इंडिया एंड बियॉन्ड’ की 38 में से 31 बेची गई प्रतियों को वापस ले लिया है। यह पुस्तक विवादों में घिर गई थी जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने इसकी बिक्री पर रोक लगा दी थी। एनसीईआरटी के एक अधिकारी ने बताया कि पुस्तक की बिक्री रोकने के बाद से ही इसकी प्रतियों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि अब तक 31 प्रतियां वापस ली जा चुकी हैं और बाकी की प्रतियों को भी जल्द से जल्द वापस लेने की कोशिश की जा रही है।
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को इस मामले में सुनवाई करते हुए पुस्तक की बिक्री पर रोक लगा दी थी और एनसीईआरटी को इसकी प्रतियों को वापस लेने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने कहा था कि पुस्तक में न्यायपालिका के बारे में गलत जानकारी दी गई है, जो कि अस्वीकार्य है। एनसीईआरटी ने एक एडवाइजरी जारी कर कहा है कि जो भी व्यक्ति या संस्थान इस पुस्तक के मालिक हैं वे इसे तुरंत एनसीईआरटी के पास वापस कर दें। एनसीईआरटी ने यह भी कहा है कि इस पुस्तक से संबंधित कोई भी सामग्री सोशल मीडिया या अन्य प्लेटफॉर्म पर नहीं होनी चाहिए।