इजराइल :- इजराइल की वायु सेना ने दावा किया है कि उसने पश्चिमी और मध्य ईरान में 200 से अधिक सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में कथित तौर पर मिसाइल लॉन्चर एयर डिफेंस सिस्टम और सैन्य ठिकानों को लक्ष्य बनाया गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार यह कार्रवाई चल रहे इजराइल-ईरान संघर्ष के बीच की गई है और इसे हाल के दिनों की सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। इजराइली सेना का कहना है कि इन हमलों का मकसद ईरान की मिसाइल क्षमता और सैन्य ढांचे को कमजोर करना है ताकि इजराइल पर संभावित हमलों को रोका जा सके।
दूसरी ओर ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है और क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच हमले और जवाबी हमले जारी हैं जिससे पूरे मध्य पूर्व में अस्थिरता बढ़ गई है।
विश्लेषकों का कहना है कि इस संघर्ष का असर केवल क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि वैश्विक तेल बाजार और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ सकता है। होर्मुज जलडमरूमध्य और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर पहले से ही चिंता जताई जा रही है।
फिलहाल अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार तनाव कम करने की अपील कर रहा है लेकिन दोनों देशों के बीच बढ़ती सैन्य गतिविधियों से स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है।