आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश):- ओम प्रकाश राजभर ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी सियासी सक्रियता तेज कर दी है। खबर है कि वह अपने बेटों अरविंद राजभर और अरुण राजभर के लिए मजबूत राजनीतिक जमीन तैयार करने में जुटे हैं।
इसी रणनीति के तहत राजभर ने आजमगढ़ में डेरा डाल दिया है, जिसे समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां उनकी खास नजर अतरौलिया और दीदारगंज विधानसभा सीटों पर है।
सूत्रों के मुताबिक, राजभर इन क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं, स्थानीय नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं और सामाजिक समीकरणों को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका लक्ष्य है कि इन सीटों पर अपने परिवार की राजनीतिक पकड़ मजबूत की जाए।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सपा के गढ़ में इस तरह सक्रिय होना एक बड़ी रणनीति का हिस्सा है। इससे न केवल राजभर अपनी पार्टी का विस्तार करना चाहते हैं, बल्कि विपक्षी वोट बैंक में भी सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
आने वाले चुनावों को देखते हुए यह सियासी हलचल और तेज होने की संभावना है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या ओपी राजभर की यह रणनीति उनके बेटों को चुनावी सफलता दिला पाती है या नहीं।फिलहाल आजमगढ़ की राजनीति में हलचल तेज है और सभी दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।