वॉशिंगटन (अमेरिका):- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से एक दिन में 1.9 करोड़ (19 मिलियन) बैरल तेल की आवाजाही दर्ज की गई, जो अब तक का सर्वकालिक रिकॉर्ड है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए कहा, “कल हॉर्मुज जलडमरूमध्य से 19 मिलियन बैरल तेल गुजरा, जो अब तक का रिकॉर्ड है।”
हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा व्यापार मार्गों में से एक है। वैश्विक स्तर पर समुद्री मार्ग से होने वाले कच्चे तेल के व्यापार का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में यहां तेल आपूर्ति में बढ़ोतरी को वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
ट्रंप ने अपने बयान में यह भी कहा कि तेल की कीमतों में गिरावट जारी है और दुनिया पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित हो गई है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब मध्य पूर्व क्षेत्र में हालिया तनाव और तेल आपूर्ति को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंताएं बनी हुई हैं।
ऊर्जा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हॉर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए तेल की आपूर्ति लगातार सामान्य या रिकॉर्ड स्तर पर बनी रहती है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव कम हो सकता है। इसका लाभ भारत सहित उन देशों को मिल सकता है जो अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर तेल आयात करते हैं।