एयरफोर्स में चयनित युवक की जॉइनिंग से 4 दिन पहले सड़क हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

औरैया। जिले के फफूंद थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एयरफोर्स में चयनित एक युवक की मौत हो गई। नौकरी जॉइन करने से महज चार दिन पहले हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया है।

जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय अग्निवीर रामजी अपने पिता और बहन के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रामजी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। वहीं, रामजी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि रामजी का चयन भारतीय वायुसेना के अग्निवीर कार्यक्रम के तहत हुआ था और उन्हें चार दिन बाद अपनी नौकरी जॉइन करनी थी। परिवार और गांव में उनके चयन को लेकर खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं।

घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं और दिवंगत युवक को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है। वहीं, घायल पिता और बहन का इलाज जारी है।

एक उज्ज्वल भविष्य के सपनों के साथ देश सेवा की तैयारी कर रहे युवा की असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *