अरुणाचल में बाढ़-बारीश के हालात पर गृह मंत्री अमित शाह ने लिया अपडेट, मुख्यमंत्री पेमा खांडू को हरसंभव मदद का भरोसा

ईटानगर (अरूणाचल प्रदेश):- अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से उत्पन्न स्थिति को लेकर केंद्र सरकार ने सक्रियता दिखाई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू से फोन पर बातचीत कर राज्य के मौजूदा हालात की विस्तृत जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

बातचीत के दौरान गृह मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत अभियानों की जानकारी प्राप्त की तथा कहा कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार अरुणाचल प्रदेश के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी तत्काल भेजे जाएंगे।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने गृह मंत्री को बारिश और बाढ़ से प्रभावित इलाकों की स्थिति, राहत कार्यों तथा प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।

केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय बनाए रखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने पर भी चर्चा हुई। गृह मंत्रालय ने संबंधित एजेंसियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

अरुणाचल प्रदेश में भारी वर्षा के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है। सरकार का कहना है कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव राहत पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *