गुरु पूर्णिमा 2026: शक्तेशगढ़ परमहंस आश्रम में उमड़ेगा आस्था का महासागर, लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारियां तेज

गुरु पूर्णिमा 2026: मिर्जापुर। गुरु-शिष्य परंपरा के पावन पर्व गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मिर्जापुर जनपद के चुनार स्थित श्री परमहंस आश्रम, शक्तेशगढ़ में आगामी 29 जुलाई को भव्य आध्यात्मिक आयोजन होगा। इस अवसर पर देशभर से लाखों श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और भक्तों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आश्रम प्रशासन ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

 

आश्रम के वरिष्ठ संत एवं यथार्थ गीता ट्रस्ट के अध्यक्ष-व्यवस्थापक नारद महाराज ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए आश्रम परिसर में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। साथ ही स्वामी जी द्वारा रचित आध्यात्मिक एवं साहित्यिक पुस्तकों की उपलब्धता के लिए ट्रस्ट की ओर से विशेष पुस्तक स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

 

आश्रम से जुड़े दीपक महाराज और आशीष महाराज ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आश्रम परिसर को विभिन्न जोन एवं सेक्टरों में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक सेक्टर की निगरानी के लिए अलग-अलग अधिकारियों और प्रशासनिक टीमों की तैनाती की जाएगी।

 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की व्यवस्था, मेडिकल कैंप, पेयजल, प्रसाद वितरण, पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा राजगढ़ और चुनार मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, सत्संग और आध्यात्मिक प्रवचन का क्रम भी निरंतर चलता रहेगा।

 

गुरु पूर्णिमा के दिन यथार्थ गीता के प्रणेता एवं विश्व गुरु सद्गुरुदेव भगवान स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं को दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान करेंगे। श्रद्धालुओं के लिए विशाल प्रसाद वितरण, धर्मग्रंथ ‘यथार्थ गीता’ के पुस्तक स्टॉल तथा रात्रिकालीन आकर्षक प्रकाश व्यवस्था विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।

 

इस वर्ष आश्रम परिसर में नदी किनारे स्थापित विशाल शिवलिंग भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। भक्तों का मानना है कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूरे आश्रम का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और गुरु कृपा से ओत-प्रोत हो उठता है।

आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के परमहंस आश्रमों से हजारों संत-महात्मा एक सप्ताह पूर्व ही शक्तेशगढ़ पहुंचना शुरू कर देंगे। इनमें घोरावल, गुजरात, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, नेपाल, मुंबई सहित अनेक स्थानों से संतों का आगमन प्रस्तावित है। सभी संत श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं आशीर्वचन प्रदान करेंगे।

आश्रम प्रशासन ने सभी सेवादारों एवं संतों से अपील की है कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधा और आध्यात्मिक अनुभव उपलब्ध कराया जाए। माना जा रहा है कि इस वर्ष का आयोजन पूर्व वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित होगा।

तानसेन महाराज के कण प्रिय भजन इस गुरु पूर्णिमा पर सुशोभित होंगे। संत दीपक महाराज जी एवं आशीष महाराज जी ने सभी आश्रम से जुड़े हुए सेवादारों एवं संतों से कहा है कि किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना भक्तों को न होने पाए, इसके लिए वह पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करेंगे। परमहंस आश्रम कैलाशपुरी परसौना घोरावल से संत श्री राम महाराज उर्फ मड़ई महाराज,संत सोहम महाराज जी,गुजरात के स्वामी राजेश्वरानंद जी महाराज, स्वामी निर्मल महाराज, बख्तियारपुर पटना बिहार से स्वामी श्रद्धानंद जी महाराज, स्वामी तुलसी महाराज औरा, श्री परमहंस आश्रम छतरपुर अटरियन से संत लाले महाराज जी, परमहंस आश्रम परोनिया मन्दसौर से संत श्री रामरक्षानंद जी महाराज , नेपाल से तुलसी महाराज फरीदाबाद दिल्ली से श्री चिंतनमयानंदमहाराज, मुम्बई से जंगबहादुर महाराज गुलाब महाराज जी, श्री अकेला महाराज जी, समेत हजारों संत महात्मा आश्रम में एक हफ्ते पूर्व ही आएंगे और इस गुरु पूर्णिमा पर भक्तों को दर्शन एवं आशीर्वाद देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *