राजकीय पीजी कॉलेज ओबरा में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य दीक्षारंभ समारोह, उत्साह और उमंग के साथ हुआ स्वागत

राजकीय पीजी कॉलेज ओबरा में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य दीक्षारंभ समारोह, उत्साह और उमंग के साथ हुआ स्वागत

ओबरा (सोनभद्र)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा में 31 जुलाई 2026 को विज्ञान, साहित्य एवं सामाजिक विज्ञान संकायों के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, मां सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। बड़ी संख्या में नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने महाविद्यालय में उपलब्ध पाठ्यक्रमों, आधुनिक संसाधनों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य का निर्माण करने का आह्वान किया।

साहित्य एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के कार्यक्रम संयोजक प्रो. (डॉ.) सुभाष राम ने मंच संचालन करते हुए विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन में अध्ययन करने की सलाह दी। वहीं इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सैनी ने महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास, पूर्व छात्रों की उपलब्धियों तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप स्नातक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षणेत्तर गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी कर व्यक्तित्व विकास पर बल दिया।

विज्ञान संकाय के कार्यक्रम का संचालन प्रवेश एवं परीक्षा प्रभारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा प्रणाली, शैक्षणिक व्यवस्था, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों एवं छात्रहित से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने अपने-अपने विषयों की उपयोगिता, अध्ययन पद्धति और रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। इनमें डॉ. मीरा यादव, डॉ. प्रेम सुंदरी, डॉ. राजेश प्रसाद, डॉ. विनोद बहादुर सिंह, डॉ. आलोक यादव, डॉ. वैशाली शुक्ला, डॉ. अंजली मिश्रा तथा डॉ. योगेंद्र लाल वर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक राजेश्वर रंजन कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *