Delhi Roof Collapse: उस्मानपुर में मकान की छत गिरी, मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत; 9 वर्षीय बेटा बचा

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। एक मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे के समय उनका 9 वर्षीय बेटा भी घर में मौजूद था, जिसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क फायर स्टेशन से तीन वाटर टेंडर और एक इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने तत्काल मलबा हटाकर फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक पति-पत्नी की मौत हो चुकी थी। घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मकान काफी पुराना था और लगातार बारिश के कारण उसकी छत कमजोर हो गई थी। हालांकि छत गिरने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में पुराने और जर्जर मकानों का सर्वे कराने तथा समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *