जालौन। नगर के मोहल्ला तोपखाना में शिवानी गार्डन के पीछे बुधवार रात अज्ञात चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। वारदात के दौरान चोरों ने पास में लगे सीसी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे घटना के फुटेज मिलने में पुलिस को परेशानी हो सकती है।
मोहल्ला निवासी चंद्रवीर सिंह राजावत, जो अनघोरा गांव के रहने वाले हैं, बुधवार को अपने गांव गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सामान चोरी कर लिया। हालांकि, अभी तक घर से चोरी हुए सामान और उसकी कीमत की पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में इससे पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरियों से मोहल्ले के लोगों में चिंता और नाराजगी है।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे अन्य सीसी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की तलाश शुरू कर दी है। लोगों ने पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा किए जाने तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।