नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3/न्यू अशोक नगर इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। स्कूल जा रही 12 वर्षीय छात्रा DTC बस की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर दी।
हादसे के बाद चालक फरार
जानकारी के मुताबिक, छात्रा सड़क पर गिरने के बाद बस की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद DTC बस का चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
गुस्साई भीड़ ने बस में की तोड़फोड़
छात्रा की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। मौके पर जुटी भीड़ ने DTC बस के शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
हादसे की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर दुर्घटना की परिस्थितियों और बस चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।