जापान में भारी बारिश ने मचाई तबाही, बाढ़ से 6 लोगों की मौत

टोक्यो। जापान के पूर्वी हिस्से में रिकॉर्ड तोड़ भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। खासकर चिबा प्रीफेक्चर में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई है। ताजा रिपोर्टों के अनुसार, इस आपदा में कम से कम 6 लोगों की मौत हुई है।

360 मिमी से ज्यादा बारिश

चिबा के कुछ इलाकों में 24 घंटे के भीतर 360 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश से सड़कें, रेलवे लाइन और घर पानी में डूब गए। कई जगह वाहन भी बाढ़ के पानी में फंस गए।

हजारों लोग फंसे

बारिश के कारण परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। नारिता एयरपोर्ट पर करीब 7,000 यात्री फंस गए, जबकि हजारों अन्य लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत केंद्रों में पहुंचाया गया। एक समय चिबा और इबाराकी में 4 लाख से अधिक लोगों को निकासी की सलाह दी गई थी।

प्रशासन ने बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। मौसम विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि बारिश के बाद भी कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *