CRIME NEWS (उत्तर प्रदेश )- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के तितौंली गांव में नवविवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. बता दे कि शादी के महज करीब तीन महीने बाद पति-पत्नी के शव एक ही कमरे में मिलने की घटना ने परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी हैरान कर दिया. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की उम्मीद है.
बताया जा रहा है कि बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के बाद दोनों अपने कमरे में चले गए और फिर गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. परिजनों ने आवाज देकर दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली और इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया. कमरे के अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए, क्योंकि वहां पर पति का शव बेड पर पड़ा मिला, जबकि पत्नी का शव फंदे से लटका हुआ था. घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई.
वहीं सूचना मिलते ही थाना खुटहन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस की ओर से फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं बताया गया है. बता दे मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनके बाद नवदंपती की जान चली गई.
घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है. वहीं गांव में भी इस घटना को लेकर लोगों के बीच चर्चा का माहौल है। पुलिस घटनास्थल से मिले तथ्यों, परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.. फिलहाल सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके सामने आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी..