Baglung Landslide: नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी है। देश के बागलुंग जिले में पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक खिसककर नीचे आ गया, जिसकी चपेट में कई घर आ गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, अलग-अलग भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 10 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति अभी लापता है। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है।
कुछ ही सेकंड में खिसक गया पहाड़
भूस्खलन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पहाड़ी का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे की ओर खिसकता दिखाई देता है। देखते ही देखते मलबा ढलान से नीचे पहुंच गया और आसपास के घर इसकी चपेट में आ गए। रिपोर्टों के अनुसार, तामनखोला ग्रामीण नगरपालिका-3 के धर्नासुक इलाके में भूस्खलन से आठ घर बह गए।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में जमीन खिसकने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Baglung Landslide: एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
निसीखोला ग्रामीण नगरपालिका-3 के जुजाखोला इलाके में भूस्खलन ने एक घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हुई। मृतकों में एक महिला और उसके तीन बच्चे शामिल हैं।
तामनखोला के धर्नासुक में 80 वर्षीय बुद्धिराज घर्ती और 66 वर्षीय भीमदेवी घर्ती की भी भूस्खलन में मौत हुई। वहीं संतर इलाके में एक घर के मलबे में दबने से दो अन्य लोगों की जान चली गई और एक महिला के लापता होने की सूचना है।
लगातार बारिश से कई इलाकों में संकट
बागलुंग में हुई तबाही नेपाल के कई हिस्सों में जारी खराब मौसम का हिस्सा है। लगातार बारिश के कारण देश के अलग-अलग जिलों में बाढ़, भूस्खलन और सड़क संपर्क बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, बारिश से जुड़ी घटनाओं में देशभर में भी बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं।
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी और दक्षिण-मध्य नेपाल में लगातार बारिश से 1,500 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं और सैकड़ों मकानों को नुकसान पहुंचा है।
ITBP Vacancy 2026: सरकारी नौकरी पाने का आखिरी मौका, ITBP में हेड कॉन्स्टेबल के पदों पर निकली वैकेंसी
Baglung Landslide: रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमें
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की टीमों को भेजा है। नेपाल सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से भी राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते जारी की गई चेतावनियों से कुछ इलाकों में लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद मिली।
फिलहाल प्रभावित इलाकों में मलबा हटाने, लापता लोगों की तलाश और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम जारी है। लगातार बारिश के कारण राहत-बचाव टीमों के सामने भी चुनौती बनी हुई है।