पश्चिम बंगाल में चर्च के उद्घाटन समारोह में हंगामा, बिशप समेत पादरियों और श्रद्धालुओं से मारपीट; क्रॉस में तोड़फोड़

कोलकाता (पश्चिम बंगाल):- पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में चर्च के उद्घाटन समारोह के दौरान कथित तौर पर तोड़फोड़ और मारपीट की घटना सामने आई है। बसंती थाना क्षेत्र के नारायणतला में हुई इस घटना में बिशप सुब्रत चक्रवर्ती समेत कई पादरियों और श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को चर्च के उद्घाटन समारोह में बिशप सुब्रत चक्रवर्ती, कई पादरी और श्रद्धालु मौजूद थे। इसी दौरान करीब 30 से 35 लोगों का एक समूह कथित तौर पर चर्च परिसर में घुस आया और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

महिलाओं से चूड़ियां उतारने के लिए कहने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, हमलावरों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की और उन्हें पारंपरिक शांखा यानी सफेद चूड़ियां उतारने के लिए कहा। इसके बाद उन्हें परिसर से बाहर जाने के लिए मजबूर किया गया। चर्च में लगे क्रॉस को भी क्षतिग्रस्त करने और घटना का वीडियो बनाने की कोशिश कर रहे लोगों के मोबाइल फोन तोड़ने का आरोप है।

श्रद्धालुओं का आरोप है कि हमलावरों ने चर्च परिसर में प्रार्थना, धार्मिक कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां नहीं होने देने की धमकी भी दी।

ईसाई संगठन ने जताई चिंता

घटना के बाद ईसाई संगठन बंगिय क्रिस्टिया परिषद (BCP) ने इसकी निंदा की है। संगठन के संस्थापक राज्य सचिव एवं कार्यकारी अध्यक्ष हेरोड मुल्लिक ने कहा कि बिशप की मौजूदगी में उद्घाटन समारोह के दौरान कई पादरियों के साथ मारपीट की गई। उन्होंने घटना पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

 पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से दो ईसाई समूहों के बीच चर्च के नियंत्रण को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *