Rohingya Community की आनुवंशिक जड़ों का दक्षिण एशिया से गहरा संबंध, पहले विस्तृत Genome Study में सामने आए अहम तथ्य

Rohingya Genome Study: रोहिंग्या समुदाय की आनुवंशिक पहचान और ऐतिहासिक जड़ों को लेकर किए गए पहले विस्तृत जीनोम अध्ययन में महत्वपूर्ण निष्कर्ष सामने आए हैं। शोध के अनुसार, रोहिंग्या समुदाय की आनुवंशिक जड़ें मुख्य रूप से दक्षिण एशिया से जुड़ी हुई हैं। हालांकि, म्यांमार के अराकान क्षेत्र में लंबे समय तक रहने के दौरान स्थानीय समुदायों के साथ उनका सीमित लेकिन स्पष्ट आनुवंशिक मिश्रण भी हुआ है। यह अध्ययन रोहिंग्या समुदाय के इतिहास, आबादी और दक्षिण एशिया से उसके संबंधों को समझने में नई जानकारी उपलब्ध कराता है।

10 संस्थानों के वैज्ञानिकों ने किया अध्ययन

इस अंतरराष्ट्रीय शोध दल में 10 संस्थानों के वैज्ञानिक शामिल रहे। अध्ययन में काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी; ढाका विश्वविद्यालय, बांग्लादेश; टार्टू विश्वविद्यालय, एस्टोनिया; सीडीएफडी, हैदराबाद; केयू ल्यूवेन, बेल्जियम; बारी विश्वविद्यालय, इटली; ट्रिनिटी कॉलेज, डबलिन; कलकत्ता विश्वविद्यालय और बर्न विश्वविद्यालय, स्विट्जरलैंड के वैज्ञानिकों ने योगदान दिया। शोध में कुल 12 वैज्ञानिक शामिल रहे।

बांग्लादेश के आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्रालय की अनुमति के बाद ढाका विश्वविद्यालय की डॉ. गाजी नूरुन नाहर सुल्ताना के नेतृत्व में कॉक्स बाजार स्थित शिविर से 25 रोहिंग्या लोगों के रक्त के नमूने लिए गए। तुलना के लिए 27 बांग्लादेशी मुस्लिम, 9 बांग्लादेशी हिंदू और 9 बाम जनजाति के लोगों के नमूने भी शामिल किए गए। इसके साथ यूरोपिया के 2,217 नमूनों को जोड़कर व्यापक सांख्यिकीय विश्लेषण किया गया।

59 प्रतिशत आनुवंशिक संबंध दक्षिण एशिया से

शोध के प्रथम लेखक डॉ. प्रज्ज्वल प्रताप सिंह के अनुसार, मॉडल आधारित सांख्यिकीय विश्लेषण में रोहिंग्या समुदाय में लगभग 59 प्रतिशत कोल-संबंधित, यानी उत्तर भारतीय जैसी, बंगशैली और लगभग 41 प्रतिशत बर्मी स्रोत से जुड़ी वंशावली का अनुमान लगाया गया।

वहीं, पड़ोसी बांग्लादेशी मुस्लिम समूह में यही अनुपात लगभग 69 प्रतिशत और 31 प्रतिशत रहा। शोधकर्ताओं के अनुसार, यह अंतर संकेत देता है कि म्यांमार से संबंधित आबादी के साथ रोहिंग्या समुदाय का आनुवंशिक मिश्रण तुलनात्मक रूप से अधिक हुआ है।

अध्ययन में यह भी सामने आया कि दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशियाई आनुवंशिक घटकों का अंतिम प्रमुख मिश्रण लगभग 701 से 974 वर्ष पहले हुआ था। शोधकर्ताओं का मानना है कि यह समय अराकान क्षेत्र में बसने के बाद स्थानीय आबादी के साथ हुए संपर्क की ओर संकेत करता है। अध्ययन के अनुसार, अराकान में रोहिंग्या समुदाय की मौजूदगी कम से कम 1,000 वर्षों से रही है।

जीनोम में मिले स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूलन के संकेत

शोध में Homozygosity यानी जीनोम के समान आनुवंशिक हिस्सों का भी विश्लेषण किया गया। इससे पता चला कि रोहिंग्या समुदाय न तो अत्यंत छोटा समूह रहा है और न ही पूरी तरह अलग-थलग आबादी। उसका प्रभावी जनसंख्या आकार व्यापक बांग्लादेशी और भारतीय जातीय समूहों की तरह अपेक्षाकृत बड़ा रहा है।

वैज्ञानिकों ने Population Branch Statistic पद्धति का उपयोग कर रोहिंग्या समुदाय की तुलना पश्चिम यूरेशियाई और पूर्वी एशियाई संदर्भ समूहों से भी की। इस विश्लेषण में बीजी3, आईटीपीआर3, एसएनएपी91, सीओएल27ए1 और पीएलसीबी1 सहित कई संभावित जीन उम्मीदवारों की पहचान की गई।

इन जीन का संबंध कोशिकीय तनाव प्रतिक्रिया, कैल्शियम संकेत, ऑक्सीडेटिव यानी कोशिकीय क्षति से जुड़ी प्रक्रियाओं और चयापचय से बताया गया है। शोधकर्ताओं के अनुसार, ये संकेत स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूलन को समझने में मदद कर सकते हैं। हालांकि, यह अध्ययन किसी विशेष जीन के आधार पर निश्चित लाभकारी चयन सिद्ध नहीं करता।

अध्ययन से क्या समझ में आया?

भावाविद् प्रो. जॉर्ज वैन ड्रीम के अनुसार, रोहिंग्या समुदाय की कहानी एक मोजेक की तरह है। इसकी बड़ी परत पूर्वी दक्षिण एशिया की है और भाषा भी उसी परिवार की है। अराकान में बसने के बाद म्यांमार से संबंधित आनुवंशिक अंश भी इसमें जुड़ गए।

कुल मिलाकर, यह अध्ययन बताता है कि रोहिंग्या समुदाय की आनुवंशिक पहचान का मुख्य आधार दक्षिण एशिया रहा है, जबकि दक्षिण-पूर्व एशियाई मिश्रण भी उसके इतिहास का हिस्सा है। यह शोध समुदाय की ऐतिहासिक उत्पत्ति और लंबे समय में हुए आबादीगत बदलावों को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *